टिहरी गढ़वाल में एक शादी समारोह के दौरान परोसा गया खाना लोगों के लिए मुसीबत बन गया। बताया जा रहा है कि चंबा ब्लॉक के ढरसाल गांव के 35 लोग शादी का खाना खाने के बाद फूड पॉइजनिंग से बीमार हो गए। इसमें कुछ को चंबा और कुछ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

13 और 14 अप्रैल को बादशाहीथोल में एक विवाह समारोह के दौरान खाना खाने के बाद लोग बीमार हो गए। 20 लोग बुधवार और 15 लोग आज अस्पताल में भर्ती किए गए।डॉक्टरों के अनुसार सभी लोगों में फूड प्वाइजनिंग के लक्षण पाए गए हैं। सभी की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है । अस्पताल में भर्ती महिलाओं की संख्या अधिक है। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने गोलगप्पे, चाऊमीन खाई थी।
जानकारी के मुताबिक, शादी समारोह में खाना खाने के कुछ ही घंटों बाद लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। खाने के सैंपल भी लिए गए हैं, ताकि फूड प्वाइजनिंग के कारणों का पता लगाया जा सके।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कार्यक्रम में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
