देहरादून: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) से जेई और एई भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं ने सचिवालय कूच किया। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए लंबित भर्तियों को शीघ्र शुरू करने और नियमित भर्ती कैलेंडर जारी करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा कि लंबे समय से विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रियाएं लंबित पड़ी हैं, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि उत्तराखंड लोक सेवा आयोग जल्द से जल्द जेई, एई सहित अन्य रिक्त पदों पर भर्ती विज्ञापन जारी करे तथा नियमित भर्ती कैलेंडर घोषित किया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया का भरोसा मिल सके।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार हो रही देरी से युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया लागू करने की मांग करते हुए कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई और सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। सचिवालय कूच के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए और भारी पुलिस बल तैनात रहा।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।

By uk vani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *