कोटद्वार/पौड़ी: कोटद्वार–पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गुमखाल से सतपुली के बीच सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान पहाड़ी से एक विशाल बोल्डर अचानक नीचे आ गिरा, जो गाजियाबाद नंबर की बोलेरो गाड़ी पर जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 3 बजे सतपुली मल्ली मार्ग पर हुई। उस समय बोलेरो गुमखाल से सतपुली की ओर जा रही थी। सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा था, तभी पहाड़ी से एक बड़ा बोल्डर वाहन पर आ गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गए।
सूचना मिलते ही सतपुली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। एक घायल वाहन में बुरी तरह फंस गया था, जिसे बाहर निकालने के लिए कटर मशीन से बोलेरो को काटना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
थानाध्यक्ष अनिल चौहान ने बताया कि हादसे में केरल निवासी श्रीकांत (45) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सरनजीत (61) निवासी दिल्ली और उदय (मूल निवासी पश्चिम बंगाल, वर्तमान में दिल्ली) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है।
इस हादसे के बाद सड़क चौड़ीकरण कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
