रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर भैरवनाथ मंदिर के पास जंगलचट्टी क्षेत्र में भारी बोल्डर गिरने से शुक्रवार सुबह यात्रा को एहतियातन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने गौरीकुंड गेट से आगे किसी भी यात्री को जाने की अनुमति नहीं दी और उन्हें वापस लौटा दिया।

प्रशासन के अनुसार, बृहस्पतिवार रात भारी बोल्डर गिरने के कारण पैदल मार्ग बाधित हो गया था। हालात का जायजा लेने के बाद आयुक्त के निर्देश पर मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित किए जाने तक यात्रा स्थगित रखने का निर्णय लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ तथा संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। टीमें मार्ग से बोल्डर हटाने और रास्ते को सुरक्षित बनाने के कार्य में जुटी हैं। साथ ही क्षेत्र की लगातार निगरानी भी की जा रही है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए फिलहाल पैदल मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। मार्ग सुरक्षित घोषित होने के बाद ही केदारनाथ यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें और अगली आधिकारिक सूचना मिलने तक यात्रा के लिए आगे न बढ़ें।

By uk vani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *