अल्मोड़ा : उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा विकासखंड में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चायखान-बेगानिया मोटर मार्ग पर बलिया के समीप हुआ, जहां एक मारुति ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे मारुति ऑल्टो कार (यूके 04 जेड 5819) चायखान-बेगानिया मार्ग पर सवारियों को लेकर जा रही थी। बलिया के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के समय कार में चालक सहित छह लोग सवार थे।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना देने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया।
हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर किया गया है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतकों और घायलों की शिनाख्त तथा उनके परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई जारी है। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।
