उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के ऊंचावाहन गांव के समाजसेवी देव सिंह रावत ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में राज्य मंत्री अजय टम्टा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मासी क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
समाजसेवी देव सिंह रावत ने राज्यमंत्री अजय टम्टा के समक्ष मासी क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी को विस्तार से रखा। उन्होंने विशेष रूप से मासी स्थित भूमिया मंदिर के लिए सौर ऊर्जा आधारित पंप और सोलर लाइट लगाने की मांग की, ताकि धार्मिक स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और क्षेत्र में ऊर्जा की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
इसके अलावा, उन्होंने मासी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की आवश्यकता पर जोर दिया। उनका कहना था कि क्षेत्र के छात्रों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा के लिए दूर-दराज के इलाकों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में केंद्रीय विद्यालय खुलने से स्थानीय विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा।
मुलाकात के दौरान मासी से चौखुटिया तक की सड़क के डामरीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। समाजसेवी देव सिंह रावत ने बताया कि सड़क की स्थिति काफी खराब है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी होती है। इसके सुधार से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।
इसके साथ ही मासी अस्पताल को पुनः जीवंत करने की मांग भी रखी गई। समाजसेवी देव सिंह रावत ने कहा कि अस्पताल की बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को इलाज के लिए दूर जाना पड़ता है, जो गंभीर परिस्थितियों में जोखिम भरा साबित होता है।
राज्यमंत्री अजय टम्टा ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए यथासंभव सहायता और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
