हरिद्वार। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने रविवार को दर्दनाक मोड़ ले लिया। मायके जाने की बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक महिला अपनी एक वर्षीय बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में कूद गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक दोनों की तलाश में सर्च अभियान चलाया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच रास्ते में हुआ विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि पति अपनी बीमार मां से मिलने देहरादून जाना चाहता था, जबकि पत्नी पहले मायके छोड़ने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में बड़े हादसे में बदल गई।

पुलिस के मुताबिक, अर्जुन (35) निवासी कोटा मुरादनगर, थाना कलियर अपनी पत्नी सविता (30), एक वर्षीय बेटी नोनी और चार वर्षीय बेटे नक्श के साथ बाइक से रायपुर दरेड़ा स्थित ससुराल जा रहा था। जब परिवार दौलतपुर के पास पहुंचा तो पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान सविता ने बाइक रुकवाई और बेटी नोनी को गोद में लेकर गंगनहर की ओर दौड़ पड़ी। देखते ही देखते उसने बच्ची के साथ नहर में छलांग लगा दी।

घटना के बाद अर्जुन और उसका चार वर्षीय बेटा मदद के लिए चिल्लाने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ को बुलाया, जिसके बाद महिला और बच्ची की तलाश के लिए गंगनहर में सर्च अभियान शुरू किया गया। देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम लगातार गंगनहर में सर्च अभियान चला रही है। साथ ही परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, अर्जुन पेशे से एल्यूमीनियम स्ट्रक्चर बनाने का कारीगर है। उसकी और सविता की शादी वर्ष 2021 में हुई थी। पूछताछ में अर्जुन ने बताया कि उसकी मां देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती हैं। वह उनसे मिलने जाने की तैयारी में था। इसी बीच पत्नी ने पहले मायके छोड़ने की बात कही। वह पत्नी को बाइक से मायके छोड़ने के लिए निकला, लेकिन रास्ते में दोनों के बीच फिर विवाद हो गया और देखते ही देखते यह दर्दनाक घटना हो गई।

फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम महिला और मासूम बच्ची की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

By uk vani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *