उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर तेजी से बढ़ रही है। अब तक करीब 12.60 लाख श्रद्धालु केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन कर चुके हैं। बुधवार को ही एक दिन में लगभग 80 हजार श्रद्धालुओं ने चारों धामों में पूजा-अर्चना की, जो इस यात्रा के बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।

यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई थी। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खोले गए। शुरुआती 22 दिनों में ही 5.23 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे, और अब यह आंकड़ा तेजी से बढ़ते हुए 12.60 लाख पार कर चुका है।

केदारनाथ में सबसे ज्यादा उत्साह
चारों धामों में खासतौर पर केदारनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पुनर्निर्माण कार्यों के बाद धाम का स्वरूप और अधिक दिव्य और भव्य हो गया है, जिससे श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।

सरकार अलर्ट मोड में
उच्च हिमालयी क्षेत्र में होने वाली इस यात्रा को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मौसम खराब होने की स्थिति में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।

भीड़ नियंत्रण और डिजिटल मॉनिटरिंग
श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए स्लॉट मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया गया है..रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग से भीड़ पर नजर रखी जा रही है.पैदल मार्ग को बेहतर और सुरक्षित बनाया गया है..

सरकार ने मौसम की निगरानी के लिए विशेष तंत्र भी तैयार किया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
आसान और सुरक्षित हो रही यात्रा
पैदल मार्ग में सुधार, व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक के उपयोग से यात्रा अब पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम हो गई है।
कुल मिलाकर, इस बार की चारधाम यात्रा न केवल श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनी हुई है, बल्कि बेहतर प्रबंधन और सुविधाओं के चलते नया रिकॉर्ड बनाने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है।
