केदारनाथ धाम में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार देर शाम गौरीकुंड से केदारपुरी पहुंच गई, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने “हर हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोषों के साथ भव्य स्वागत किया।
डोली ने ओंकारेश्वर मंदिर से अपनी यात्रा शुरू की थी और करीब 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय करते हुए जंगलचट्टी, रामबाड़ा, छोटे-बड़े लिनचोली और बेस कैंप होते हुए केदारनाथ धाम पहुंची। मंदिर परिसर में पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर डोली का स्वागत किया। इसके बाद डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

आज सुबह तय लग्नानुसार विधिवत पूजा-अर्चना के बाद केदारनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस खास अवसर पर धाम को करीब 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है, जिससे पूरा परिसर दिव्य और आकर्षक नजर आ रहा है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले ही धाम पहुंच चुके हैं और कपाट खुलने को लेकर उत्साह चरम पर है।

कपाट खुलने के अवसर पर पुष्कर सिंह धामी भी केदारनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना में शामिल होंगे। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसमें पुलिस और आईटीबीपी के जवान तैनात हैं।
डोली के आगमन के दौरान 8वीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों और डमरू-वाद्य यंत्रों की गूंज से पूरा धाम शिवमय हो गया। कपाट खुलने के साथ ही विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा, जिसका श्रद्धालु बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

