दिल्ली के लाल किले के पास खड़ी एक कार में हुए भयंकर विस्फोट से दिल्ली दहल उठी। विस्फोट की तीव्रता इतनी तेज थी कि चार किलोमीटर तक धमाके की गूंज सुनाई थी। विस्फोट में चपेट में आने से आसपास से गुजरने वाली छह गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए तो 20 से ज्यादा वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस व अग्निशमन की टीमों ने राहत व बचाव कार्य शुरू किया..
वहीं हादसे में घायलों को लोक नायक अस्पताल लाया गया, जहां अबतक 13 लोगों की मौत की पुष्टि की गई, जबकि 30 लोग घायल हैं। पुलिस की स्पेशल सेल, आतंकवाद निरोधक दस्ता व एनएसजी की टीम मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि लाल किला के करीब स्थित लाल मंदिर में कार का एक पार्ट आकर गिरा। धमाके के तुरंत बाद आस-पास की दुकानों में आग लगने की सूचना भी मिली। चांदनी चौक के भागीरथ पैलेस इलाके तक कंपन महसूस किया गया और दुकानदार एक-दूसरे को फोन कर हालात पूछते नजर आए। वहीं, कई बसों और अन्य वाहनों में भी आग लगने की खबर है।
दमकल विभाग को कार में धमाके की काल शाम को प्राप्त हुई। इसके बाद विभाग ने तुरंत छह एंबुलेंस और सात फायर टेंडर मौके पर भेजे। राहत और बचाव कार्य जारी हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। धमाके के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और जांच एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंचकर सुबूत जुटाने में लगी हैं।
इधर इस घटना के बाद उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट जारी किया गया है..
